डंडई। प्रखंड के पचौर पंचायत अंतर्गत बालेखाड़ स्थित पुरानी पंचायत भवन परिसर में रविवार को दुर्गा पूजा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्गा पूजा महोत्सव 2026 को भव्य, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा संपूर्ण रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में बताया गया कि बालेखाड़ में पिछले 10 वर्षों से लगातार श्रद्धा और उत्साह के साथ दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी परंपरा को कायम रखते हुए सप्तमी को भव्य कलश यात्रा, नवमी को नव कन्या पूजन तथा दशमी को देवी जागरण का आयोजन किया जाएगा। पूजा के दौरान रामायण सीरियल का विशेष प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
पूजा स्थल की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने कहा कि आयोजन को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाएगा।
बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। जिसमें राजेश राम को अध्यक्ष, अनिरुद्ध सिंह को उपाध्यक्ष, संतोष सिंह को सचिव, मुंद्रिका सिंह को उपसचिव, पंकज सिंह को कोषाध्यक्ष, पंकेश्वर सिंह को सह कोषाध्यक्ष तथा प्रमोद सिंह को सलाहकार बनाया गया। शंकर सिंह को महामंत्री एवं सोमारु सिंह को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई।
इधर, सुअरजंघा गांव में भी दुर्गा पूजा को लेकर बैठक आयोजित की गई, जिसमें नई समिति का गठन किया गया। इसमें नन्दू प्रजापति को अध्यक्ष, शिवनाथ सिंह को सचिव तथा संजय प्रजापति को कोषाध्यक्ष बनाया गया। ग्रामीणों ने पूजा महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग का आश्वासन दिया।
0 Comments