गढ़वा। शहर के संगत मोहल्ला स्थित मॉडल इन्फेंट स्कूल के प्रांगण में शनिवार को शिक्षक दिवस सह भारत के महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक शशि शेखर गुप्ता ने कहा कि वर्तमान परिवेश धीरे-धीरे दूषित होता जा रहा है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी एवं अभिभावक भारतीय संस्कृति और परंपराओं से दूर होते जा रहे हैं, जो समाज के लिए चिंतनीय विषय है। उन्होंने कहा कि “जैसी सोच होगी, वैसा ही परिणाम अवश्य मिलेगा”, इसलिए सभी को अपनी सोच और संस्कारों पर ध्यान देने की आवश्यकता है।
उन्होंने आगे कहा कि लगभग प्रत्येक घर और समाज का वातावरण प्रभावित हो रहा है तथा पश्चिमी सभ्यता भारतीय संस्कृति पर हावी होती जा रही है। शिक्षक दिवस, बाल दिवस सहित अन्य कार्यक्रमों में भी पारंपरिक मूल्यों का पालन कम होता जा रहा है। विद्यालयों में विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों की उपस्थिति भी नगण्य होती जा रही है, जबकि शिक्षा और संस्कार के लिए दोनों की सहभागिता आवश्यक है।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब गढ़वा उदय संस्था की पहल की सराहना करते हुए बताया गया कि संस्था द्वारा डॉ. राधाकृष्णन के चित्रयुक्त टिकट तैयार कर विभिन्न विद्यालयों में वितरित किए गए, जो परंपरा के निर्वाह का सराहनीय प्रयास है। पूर्व में इस तरह के टिकटों से प्राप्त राशि को शिक्षक कल्याण कोष में जमा कर शिक्षकों की आर्थिक सहायता की जाती थी।
इस मौके पर उप-प्राचार्य रामानंद चौबे, संजय कुमार ठाकुर, धनंजय ठाकुर, मंजू गुप्ता, खुशी कुमारी, सुधा ठाकुर, पवन कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन एवं उनके विचारों पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने भी कविता, भाषण एवं विचार प्रस्तुत कर कार्यक्रम को जीवंत बनाया।
अंत में प्रधानाध्यापक द्वारा सभी शिक्षकों को विद्यालय की ओर से उपहार देकर सम्मानित किया गया।
0 Comments