गढ़वा। सेवा, समर्पण और मानवता की भावना को सशक्त करते हुए अग्रवाल परिवार, गढ़वा द्वारा प्रत्येक शनिवार की भांति इस शनिवार भी संकट मोचन मंदिर के समीप सैकड़ों जरूरतमंदों के बीच प्रसाद स्वरूप खिचड़ी का वितरण किया गया। इस सेवा अभियान ने अपने निरंतर प्रयास के साथ 134वें आयोजन का सफल पड़ाव पूरा किया।
शनिवार को आयोजित इस पुनीत सेवा कार्यक्रम में अग्रवाल परिवार की ओर से हर्ष अग्रवाल एवं आशुतोष अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों ने स्वयं अपनी देखरेख में प्रसाद वितरण करते हुए सेवा कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और श्रद्धा एवं सम्मान के साथ प्रसाद ग्रहण किया।
अग्रवाल परिवार द्वारा हर शनिवार बिना किसी भेदभाव के चलाया जा रहा यह खिचड़ी वितरण कार्यक्रम न केवल भूख मिटाने का कार्य कर रहा है, बल्कि समाज में सहयोग, करुणा और मानवता का संदेश भी प्रसारित कर रहा है। यह पहल जरूरतमंदों के लिए एक भरोसेमंद सहारा बनती जा रही है, जहां उन्हें भोजन के साथ-साथ अपनापन और सम्मान भी प्राप्त हो रहा है।
हर्ष अग्रवाल ने कहा कि “लोगों की सेवा करना समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है और सौभाग्य भी। जरूरतमंदों के चेहरे पर संतोष देखकर जो खुशी मिलती है, वह किसी भी उपलब्धि से बड़ी होती है।” वहीं आशुतोष अग्रवाल ने कहा कि इस सेवा कार्य को आगे बढ़ाने की प्रेरणा समाज से ही मिलती है और प्रयास रहेगा कि यह क्रम निरंतर जारी रहे।
इस आयोजन को सफल बनाने में पूरे अग्रवाल परिवार का सामूहिक सहयोग एवं समर्पण उल्लेखनीय रहा। परिवार के संयुक्त प्रयासों से प्रत्येक शनिवार यह सेवा कार्य सुव्यवस्थित रूप से संचालित किया जा रहा है।
0 Comments