Ticker

6/recent/ticker-posts

डंडई में दिवंगत मुखिया संगीता देवी के परिजनों से मिले सांसद विष्णु दयाल राम, दी सांत्वना

डंडई। क्षेत्र भ्रमण के क्रम में गुरुवार को सांसद विष्णु दयाल राम डंडई प्रखंड की झोतर पंचायत पहुंचे, जहां उन्होंने बिजली करंट की चपेट में आने से असमय निधन हुई दिवंगत मुखिया संगीता देवी के आवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
इस दौरान दिवंगत मुखिया के पति एवं समाजसेवी विष्णु यादव भावुक हो उठे। सांसद ने उन्हें सांत्वना देते हुए इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगीता देवी का असमय निधन न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे पंचायत के लिए अपूरणीय क्षति है। सांसद ने कहा कि वे इस दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवार के साथ पूरी तरह खड़े हैं।
उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र की जनता से उनका पारिवारिक संबंध है और जनप्रतिनिधि होने के नाते लोगों के सुख-दुख में शामिल होना उनकी जिम्मेदारी है। सांसद ने ईश्वर से प्रार्थना की कि शोकाकुल परिवार को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता अलखनाथ पांडे, जिला सांसद प्रतिनिधि प्रमोद चौबे, भाजपा नेता विनय चौबे, सूरज गुप्ता, डंडई सांसद प्रतिनिधि अलख निरंजन, जिला सोशल मीडिया प्रभारी लव यादव, जिला परिषद सदस्य मोहन पासवान, रघुराज पांडे सहित कई लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments