गढ़वा। सेवा किसी प्रचार की मोहताज नहीं होती, इसका जीवंत उदाहरण मंगलवार को गढ़वा में देखने को मिला, जब जानकी सामूहिक विवाह फाउंडेशन की ओर से गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन का वितरण किया गया। यह सेवा कार्य रेलवे स्टेशन, कर्बला मैदान तथा गढ़वा सदर अस्पताल परिसर में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराया गया।
रेलवे स्टेशन पर रोजमर्रा की जिंदगी से जूझ रहे कई ऐसे लोग मिले, जिनके लिए एक वक्त का भोजन भी बड़ी राहत साबित हुआ। वहीं सदर अस्पताल परिसर में इलाज कराने पहुंचे मरीजों के परिजन एवं अन्य जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरण किया गया। कर्बला मैदान में भी गरीब एवं असहाय लोगों को भोजन कराया गया। भोजन पाकर लाभुकों के चेहरों पर संतोष और राहत स्पष्ट दिखाई दी।
इस अवसर पर जानकी सामूहिक विवाह फाउंडेशन के सचिव रितेश तिवारी उर्फ महाकाल तिवारी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सामूहिक विवाह तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर उनकी सहायता करना भी है। उन्होंने कहा कि गरीब और असहाय की मदद करना केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इंसान होने का कर्तव्य भी है।
उन्होंने कहा कि भोजन वितरण का उद्देश्य किसी पर एहसान करना नहीं, बल्कि जरूरत के समय समाज के साथ खड़ा होना है। यदि किसी व्यक्ति की छोटी सी मदद से किसी भूखे का पेट भर सके या किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान आ सके, तो इससे बड़ी सेवा कुछ नहीं हो सकती।
रितेश तिवारी ने कहा कि संस्था भविष्य में भी इसी तरह विभिन्न स्थानों पर सेवा कार्य करती रहेगी। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सेवा के लिए बड़े संसाधनों की नहीं, बल्कि संवेदनशीलता की आवश्यकता होती है।
कार्यक्रम में भिखारी पांडेय, श्यामसुंदर दुबे, राजीव चौबे, मनीष तिवारी, सत्यनारायण सिंह, रमेश कुमार, दिव्यप्रकाश पाण्डेय, सोनी देवी, ललिता देवी, ऊषा देवी एवं सुषमा कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे। सभी ने मिलकर जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरण किया और मानवता व सेवा भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
0 Comments