Ticker

6/recent/ticker-posts

अच्छे लोगों के साथ बैठने से बढ़ती है सकारात्मक ऊर्जा : डॉ. टी. पीयूष, 49वें सप्ताह श्रीजानकी बाग में गूंजा हनुमान चालीसा पाठ

गढ़वा। शहर के नवादा स्थित श्रीजानकी बाग में रविवार को श्रीहनुमान जी के प्रति आस्था, भक्ति और सामाजिक सद्भाव को समर्पित श्रीहनुमान चालीसा पाठ का 49वां साप्ताहिक आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। लगातार 49 सप्ताह से आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने सामूहिक रूप से श्रीहनुमान चालीसा का पाठ किया, जिससे पूरा परिसर भक्ति रस में डूब गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कला साधिका संध्या सुमन, काजल एवं मधु द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने एक स्वर में श्रीहनुमान चालीसा का पाठ किया। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में सकारात्मक सोच, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करना बताया गया।
सुश्रुत सेवा संस्थान, गढ़वा के निदेशक सह सदर अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. टी. पीयूष ने कहा कि अच्छे लोगों के साथ सामूहिक रूप से बैठने और सकारात्मक विचारों को साझा करने से व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से मन को शांति मिलती है और समाज में सहयोग व अपनत्व की भावना सुदृढ़ होती है।
पं. हर्ष द्विवेदी कला मंच की कला साधिका संध्या सुमन ने कहा कि नियमित सामूहिक पाठ हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का कार्य करता है। वहीं मंच के निदेशक नीरज श्रीधर ‘स्वर्गीय’ ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को जोड़ने का काम करते हैं और लोगों को अपनी संस्कृति से जुड़े रहने की प्रेरणा देते हैं।
अधिवक्ता अमोद कुमार सिन्हा ने कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में भाईचारा एवं सद्भाव बढ़ता है। वहीं इंदल बिंद ने बताया कि बढ़ती सहभागिता समाज में मजबूत होती आध्यात्मिक चेतना का प्रमाण है।
अंत में श्रीहनुमान जी की आरती की गई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन समिति ने बताया कि यह साप्ताहिक कार्यक्रम आगे भी निरंतर जारी रहेगा। 49वें सप्ताह का आयोजन एक बार फिर श्रीजानकी बाग को भक्ति, आस्था और सामाजिक एकता के रंग में रंग गया।

Post a Comment

0 Comments