गढ़वा। झारखंड छात्र मोर्चा, गढ़वा जिला समिति की मासिक बैठक सोमवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में संगठन के सदस्यता अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई तथा आगामी रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान यह आधिकारिक घोषणा की गई कि संगठन ने प्रथम चरण में निर्धारित 3000 नए सदस्यों का लक्ष्य समय से पूर्व ही हासिल कर लिया है।
बैठक के उपरांत आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला सचिव विकास चंद्रवंशी ने कहा कि झारखंड छात्र मोर्चा पूरी तरह से “माटी की पार्टी” का छात्र संगठन है, जिसका उद्देश्य झारखंड की लोक-संस्कृति, जल-जंगल-जमीन और मूलवासियों के अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि संगठन केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड के नवनिर्माण की सोच के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं संगठन की नीतियों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में इससे जुड़ रहे हैं। युवा वर्ग इसे अपनी आवाज मानकर राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
सदस्यता अभियान की जमीनी रणनीति पर चर्चा करते हुए जिला कोषाध्यक्ष सह सदस्यता प्रभारी सूरज तिवारी ने बताया कि संगठन का मुख्य फोकस गढ़वा जिले के सुदूरवर्ती एवं ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों तक सीधे पहुंच बनाना है। उन्होंने कहा कि इसी सफलता के आधार पर सदस्यता अभियान का दूसरा चरण 10 सितंबर से 20 सितंबर तक चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि लक्ष्य जिले के प्रत्येक कॉलेज, प्लस टू स्कूलों एवं ग्रामीण प्रखंडों के विद्यार्थियों को संगठन से जोड़कर उन्हें सशक्त बनाना है।
उन्होंने यह भी बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं की विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो प्रखंडों, गांवों और शिक्षण संस्थानों में जाकर सदस्यता प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगी। उन्होंने कहा कि दूसरा चरण पहले चरण से अधिक व्यापक और ऐतिहासिक होगा।
इस प्रेस वार्ता में सौरभ कुमार सिंह, रुपेश चौबे एवं धीरज सिंह उपस्थित रहे।
0 Comments