गढ़वा। गढ़वा प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जाटा में शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) महिला मोर्चा की पंचायत स्तरीय कमिटी का चयन एवं विस्तार किया गया। इस अवसर पर पंचायत की माताओं एवं बहनों की उपस्थिति में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सशक्त बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से ग्राम पंचायत जाटा के लिए कमिटी का गठन किया गया, जिसमें रेखा देवी को अध्यक्ष तथा रूबी देवी को सचिव चुना गया। चयन प्रक्रिया के दौरान महिलाओं में उत्साह देखा गया और संगठन को जमीनी स्तर पर सुदृढ़ करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में झामुमो महिला मोर्चा, गढ़वा प्रखंड की अध्यक्ष अनामिका सिंह एवं सचिव मीरा देवी सहित पंचायत सचिव लल्लू मेहता, पूर्व मुखिया पप्पू रजक, बिन्दा मेहता, मुन्नी बैठा, विनोद मेहता, पंचायत अध्यक्ष जयशंकर कुशवाहा एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
इस दौरान महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों एवं कानूनों को जनविरोधी बताते हुए उपस्थित महिलाओं को इसके प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आम जनता, विशेषकर महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठित होकर आवाज उठाना जरूरी है।
साथ ही आगामी 19 सितंबर को गढ़वा प्रखंड मुख्यालय में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।
0 Comments