गढ़वा।पलामू संसदीय क्षेत्र के सांसद विष्णु दयाल राम ने नई दिल्ली स्थित परिवहन भवन में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव वी उमाशंकर से मुलाकात कर क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को शीघ्र फोरलेन बनाने की मांग की।
सांसद ने NH-343 के गढ़वा–रामानुजगंज (लगभग 49 किमी) तथा NH-139 (पूर्व में NH-98) के पड़वा मोड़–सीलीदाग–छतरपुर (लगभग 22 किमी) सड़क के अविलंब फोरलेन निर्माण का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि NH-139 के हरिहरगंज–सीलीदाग खंड का फोरलेन निर्माण पहले ही हो चुका है, जबकि NH-343 के अन्य हिस्सों का भी विस्तार पूरा हो चुका है।
इसके बावजूद पड़वा मोड़–सीलीदाग–छतरपुर का शेष भाग अब भी टू-लेन होने के कारण पूरे कॉरिडोर में बॉटलनेक बना हुआ है। इस मार्ग पर भारी यातायात दबाव के कारण आए दिन जाम, यात्रा में देरी और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
सचिव वी उमाशंकर ने सांसद को आश्वस्त किया कि दोनों परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार की जा रही है। इसे शीघ्र अंतिम रूप देकर स्वीकृति प्रदान की जाएगी। साथ ही प्रशासनिक व वित्तीय मंजूरी के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर कार्य शुरू कराया जाएगा।
0 Comments