Ticker

6/recent/ticker-posts

4 अगस्त को गढ़वा में मनाई जाएगी पद्मभूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि, श्रद्धांजलि सभा व रक्तदान शिविर का आयोजन

गढ़वा। शिबू सोरेन की पुण्यतिथि 4 अगस्त को पूरे झारखंड राज्य के साथ गढ़वा में भी श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) गढ़वा जिला कमिटी द्वारा भगवान बिरसा मुंडा पार्क में मुख्य श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी, जहां पार्टी कार्यकर्ता एवं आमजन उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
इस संबंध में झामुमो जिला कमिटी की बैठक मिथिलेश कुमार ठाकुर के कल्याणपुर स्थित आवासीय कार्यालय में जिलाध्यक्ष शम्भू राम की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का झारखंड राज्य के निर्माण तथा आदिवासी, मूलवासी, पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए किया गया संघर्ष अविस्मरणीय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे उनके विचारों और संघर्षों को अपने जीवन में आत्मसात करें।
झामुमो द्वारा जानकारी दी गई कि 4 अगस्त को राज्य के सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित होंगे। गढ़वा में सुबह 8 बजे से 11 बजे तक सभी प्रखंडों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि जिला मुख्यालय स्थित भगवान बिरसा मुंडा पार्क में दोपहर 12 बजे मुख्य कार्यक्रम होगा।
इस अवसर पर श्रद्धांजलि सभा के साथ-साथ रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा जरूरतमंदों के बीच वस्त्र एवं भोजन वितरण की भी व्यवस्था की गई है।
बैठक में पार्टी के कई केंद्रीय सदस्य, जिला पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चा के अध्यक्ष, नगर परिषद प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments