Ticker

6/recent/ticker-posts

बॉक्सिंग में BSKD पब्लिक स्कूल की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन

गढ़वा। वाराणसी के प्रतापगढ़ स्थित न्यू एंजल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 15 से 18 अगस्त तक आयोजित सीबीएसई जोनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गढ़वा के BSKD पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन किया है।
इस प्रतियोगिता में विद्यालय की कुल 9 छात्राओं ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण, 2 रजत एवं 3 कांस्य पदक सहित कुल 6 पदक अपने नाम किए। इस बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर BSKD पब्लिक स्कूल को जोनल स्तर पर ओवरऑल तृतीय स्थान से सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय की तीन प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां वे ईस्ट जोन का प्रतिनिधित्व करेंगी।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के निदेशक संजय सोनी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में ‘मिशन ओलंपिक’ के तहत पिछले तीन वर्षों से बॉक्सिंग खेल को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर पदक हासिल कर रहे हैं और अपने अभिभावकों, गढ़वा जिले एवं झारखंड राज्य का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय खिलाड़ियों के समग्र विकास और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
विद्यालय की प्राचार्य रीना कुमारी ने भी छात्राओं की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि विद्यालय प्रारंभ से ही राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जा रही है और खेल के क्षेत्र में निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास जारी है।
छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Post a Comment

0 Comments