Ticker

6/recent/ticker-posts

खेल का जुनून, मेडल्स का मिशन—राष्ट्रीय खेल दिवस पर जीएन कॉन्वेंट में दिखा देशभक्ति का दम

गढ़वा।  जीएन कॉन्वेंट स्कूल में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक मदन प्रसाद केशरी एवं उपप्राचार्य बसंत ठाकुर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर तथा हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की।
इस अवसर पर निदेशक मदन प्रसाद केशरी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत में हर वर्ष 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस बड़े उत्साह और गर्व के साथ मनाया जाता है। यह दिन महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के रूप में मनाया जाता है, जिन्हें दुनिया भर में ‘हॉकी का जादूगर’ कहा जाता है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से खेलों में भाग लें, स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में जहां लोग गतिहीन जीवनशैली के शिकार हो रहे हैं, ऐसे में खेलों का महत्व और अधिक बढ़ गया है। भारत अब केवल हॉकी या क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एथलेटिक्स, बैडमिंटन, कुश्ती, मुक्केबाजी, निशानेबाजी, तीरंदाजी और जैवलिन थ्रो जैसे खेलों में भी वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस तरह के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक वीरेंद्र शाह, संतोष प्रसाद, खुर्शीद आलम, दिनेश कुमार, मुकेश भारती, आलोक राज, हीरामन मेहता, नवनीत कुमार, नीरा शर्मा, नीलम कुमारी, शिवानी कुमारी एवं सुनीता कुमारी सहित अन्य शिक्षकों की भूमिका सराहनीय रही।

Post a Comment

0 Comments