Ticker

6/recent/ticker-posts

लायंस क्लब गढ़वा सिटी का 9वां पदस्थापना समारोह संपन्न, नई टीम ने सेवा विस्तार का लिया संकल्प

गढ़वा।समाज सेवा, मानव कल्याण एवं जरूरतमंदों की सहायता को समर्पित लायंस क्लब गढ़वा सिटी का 9वां पदस्थापना समारोह शनिवार को बंधन मैरिज हॉल में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ लायंस क्लब्स डिस्ट्रिक्ट 322ए के अंतर्गत आयोजित इस समारोह में सेवा कार्यों को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि शुभ्रा मजूमदार, इंस्टॉलिंग ऑफिसर सिद्धार्थ मजूमदार, सेकंड डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुजीत कुमार, फर्स्ट वीडीजी कंचन कुमार साहू, रीजन चेयरपर्सन रविंद्र जायसवाल समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह की शुरुआत विश्व शांति की कामना के साथ एक मिनट का मौन रखकर की गई तथा राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर समाज सेवा के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाने वाले स्वर्गीय अजय केसरी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और उनके योगदान को स्मरण किया गया।
इंस्टॉलिंग ऑफिसर सिद्धार्थ मजूमदार ने सत्र 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। नई टीम ने सेवा, सहयोग, सामाजिक जिम्मेदारी एवं जरूरतमंदों की सहायता को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
नई कार्यकारिणी इस प्रकार है:अध्यक्ष – लखन प्रसाद कश्यप, फर्स्ट वाइस प्रेसिडेंट – उमाशंकर श्रीवास्तव, सेकंड वाइस प्रेसिडेंट – संतोष कुमार कश्यप, सेक्रेटरी – सुनील कुमार, ज्वाइंट सेक्रेटरी – शिवकुमार गुप्ता, ट्रेजर – अनिल शर्मा।
इसके अलावा रामनारायण प्रसाद (एलसीआईएफ कोऑर्डिनेटर), राजमणि प्रसाद (मार्केटिंग एंड कम्युनिकेशन चेयरपर्सन), सुशील कुमार केसरी (सर्विस चेयरपर्सन), डॉ. अशोक कुमार (लीडरशिप चेयरपर्सन), दयाशंकर गुप्ता (क्लब एडमिनिस्ट्रेटर) तथा संजय कुमार सोनी (मेंबरशिप चेयरपर्सन) बनाए गए।
विजय कुमार, किरण कुमारी, रजनी गुप्ता, डॉ. विनीता वेणुगोपाल एवं दीपक केसरी को डायरेक्टर, अजय कमलापुरी को टेल ट्विस्टर तथा संजय कुमार को टाइमर की जिम्मेदारी दी गई।
समारोह के दौरान सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाले सदस्यों को अतिथियों द्वारा मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज सेवा में छोटे-छोटे प्रयास भी जरूरतमंदों के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।
वक्ताओं ने लायंस क्लब गढ़वा सिटी द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण एवं जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि क्लब समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन लगातार कर रहा है। नई टीम से भी उम्मीद जताई गई कि वह इस परंपरा को और सशक्त बनाएगी।
कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी गढ़वा, रोटरी क्लब गढ़वा उदय, जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा, रोटरी इनर व्हील क्लब गढ़वा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि समाज सेवा केवल कर्तव्य नहीं, बल्कि मानवता के प्रति समर्पण का प्रतीक है। नई टीम के गठन के साथ क्लब ने सेवा के क्षेत्र में एक नई शुरुआत की है।

Post a Comment

0 Comments