Ticker

6/recent/ticker-posts

ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में खेलों का उत्सव: राष्ट्रीय खेल दिवस पर बच्चों ने दिखाया दमखम

गढ़वा। ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेलकूद गतिविधियों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम वर्क और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस अवसर पर विद्यालय के सभी वर्गों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के तहत विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों के लिए कई मनोरंजक व प्रतिस्पर्धात्मक खेलों का आयोजन किया गया। इनमें बलून पपिंग रेस, फ्रॉग जंप रेस, 50 मीटर दौड़, बैकवर्ड रनिंग रेस, ऑक्टोपस रेस, क्रोकोडाइल रेस, पिगीबैक रेस एवं खो-खो प्रमुख रहे। खेल मैदान में बच्चों का उत्साह और उमंग देखते ही बन रहा था। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, ऊर्जा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं के परिणामों में बलून पपिंग रेस (प्री नर्सरी) में जयेश प्रथम, कार्तिक द्वितीय एवं अभिनंदन तृतीय रहे। बालिकाओं में हंशिका प्रथम, आनाया द्वितीय और लाइवा तृतीय स्थान पर रहीं। नर्सरी वर्ग की फ्रॉग रेस में अभिज्ञा ने प्रथम, मरियम ने द्वितीय तथा वेदांश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रेप वर्ग की बैकवर्ड रनिंग रेस में अक्षल सोनी प्रथम, कबीर सिंह द्वितीय और आणवी पाठक तृतीय रहे। ग्रेड-2 की 50 मीटर दौड़ में ब्लू हाउस के मानित प्रथम, ग्रीन हाउस के आदर्श द्वितीय और रेड हाउस के अर्णव तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजेता विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से पुरस्कृत किया गया।
विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना और अनुशासन भी विकसित करते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. निरकेष शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को समान महत्व दिया जाता है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
राष्ट्रीय खेल दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए उत्साह, उमंग और यादगार अनुभव से भरपूर रहा।

Post a Comment

0 Comments