गढ़वा। पंचायत परामर्श यात्रा के क्रम में पलामू जिला अंतर्गत ऊटारी रोड प्रखंड के लुम्बा सतबहिनी पंचायत में पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता के. एन. त्रिपाठी तथा जिला परिषद प्रत्याशी अरविंद कुमार ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद किया। कार्यक्रम का उद्देश्य गांव-गांव जाकर जनता की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए ठोस पहल करना रहा।
इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, रोजगार एवं ग्रामीण विकास जैसे बुनियादी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। लोगों ने क्षेत्र में विकास कार्यों की धीमी गति पर चिंता जताते हुए धरातल पर बदलाव की मांग की।
इस मौके पर के. एन. त्रिपाठी ने कहा कि पंचायत परामर्श यात्रा का उद्देश्य गांव की चौपाल तक पहुंचकर आम लोगों की आवाज को सुनना है। उन्होंने कहा कि कागजों में दिखने वाला विकास तब तक अधूरा है, जब तक उसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुंचता। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार आवाज उठाने का भरोसा दिलाया।
वहीं अरविंद कुमार ने कहा कि लुम्बा सतबहिनी पंचायत की जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर काम चाहती है। उन्होंने कहा कि पंचायत के विकास, युवाओं के रोजगार, किसानों की समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयास किया जाएगा। साथ ही जनता की हर जायज मांग को संबंधित विभाग तक पहुंचाकर समाधान कराने की बात कही।
कार्यक्रम में बिसुत्री अध्यक्ष अशोक सिंह, मुखिया संघ अध्यक्ष ऊटारी रोड प्रखंड अशोक सिंह, झारखंड प्रदेश कांग्रेस डेलीगेट सतनारायण तिवारी एवं बंजारी पंचायत मुखिया प्रतिनिधि महेंद्र नाथ शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि गांव की समस्याओं को अब पंचायत से लेकर प्रखंड और जिला स्तर तक मजबूती से उठाया जाएगा।
0 Comments