गढ़वा। पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लियो क्लब ऑफ गढ़वा ऑसम द्वारा पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत क्लब के सदस्यों ने विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाए और लोगों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
क्लब के सदस्यों ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं और बढ़ते प्रदूषण व पर्यावरण असंतुलन को नियंत्रित करने के लिए पौधारोपण बेहद जरूरी है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है, ताकि वे भविष्य में वृक्ष बनकर पर्यावरण संतुलन बनाए रख सकें।
अभियान के दौरान “एक पौधा आज लगाएं, आने वाली पीढ़ियों का भविष्य बचाएं” का संदेश दिया गया। साथ ही समाज के सभी वर्गों से पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।
इस अवसर पर लियो क्लब ऑफ गढ़वा ऑसम के अध्यक्ष राहुल कुमार साहू, प्रीतम राज, नमन केशरी, हर्ष कश्यप, शुभम केशरी, प्रतीक राज सोनी, हर्ष कुमार, क्षितिज सोनी, तुषार कुमार एवं नन्हा सा बच्चा संस्कार राज मुख्य रूप से उपस्थित थे।
0 Comments