गढ़वा। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, गढ़वा के विद्यार्थियों ने देश की सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ 172 बटालियन के जवानों के साथ यह पर्व मनाकर देशभक्ति और भाईचारे का अनूठा संदेश दिया। विद्यालय के चयनित छात्र-छात्राएं सीआरपीएफ कैंप पहुंचे, जहां उन्होंने जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान लगभग 30 विद्यार्थियों ने अपने हाथों से तैयार एवं लाई गई राखियों से जवानों की कलाइयां सजाईं। बच्चों ने जवानों की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुरक्षित जीवन की कामना की। इस भावुक क्षण में जवानों और बच्चों के बीच आत्मीयता का सुंदर दृश्य देखने को मिला, जिसने सभी को भावविभोर कर दिया।
विद्यार्थियों ने कहा कि देश के जवान अपने परिवार से दूर रहकर दिन-रात राष्ट्र की रक्षा में लगे रहते हैं। ऐसे वीर जवानों को राखी बांधना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। बच्चों ने भावनात्मक रूप से कहा कि “आप देश की रक्षा करते हैं, इसलिए हम आपको अपना भाई मानकर राखी बांधते हैं।”
विद्यालय के निदेशक अनुप सोनी ने इस अवसर पर कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सुरक्षा, विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से बच्चों में राष्ट्रसेवा, त्याग और कर्तव्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है तथा उनमें सामाजिक संवेदनशीलता का विकास होता है।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक-प्रभारी आदर्श राय, रत्न कुमार एवं श्रीमती ए.एन. शुभ्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। विद्यार्थियों ने पूरे अनुशासन और उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।
अंत में बच्चों ने सीआरपीएफ जवानों के साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा को नमन करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। वहीं जवानों ने भी बच्चों की इस पहल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
0 Comments