Ticker

6/recent/ticker-posts

जानकी सामूहिक विवाह फाउंडेशन का संकल्प: चौबे माझी गांवा में 51 कन्याओं के विवाह को लेकर जागरूकता अभियान

कांडी (गढ़वा): कांडी प्रखंड के चौबे माझीगांवा में 25 अगस्त 2026 को जानकी सामूहिक विवाह फाउंडेशन की ओर से एक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करना तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को सहायता के लिए जागरूक करना रहा।
अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों, समाजसेवियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता देखने को मिली। फाउंडेशन की ओर से 51 कन्याओं के विवाह का संकल्प लिया गया, जिसे लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। लोगों ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाजहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इसी क्रम में फाउंडेशन द्वारा ललन रजवार की बेटी के विवाह की जिम्मेदारी उठाने का भी संकल्प लिया गया। इस निर्णय से परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई, वहीं ग्रामीणों ने इसे जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत बताया।
कार्यक्रम में ललन रजवार, रमेश रजवार, वार्ड सदस्य सविता देवी, ममता देवी, अनीता देवी, फूलमनिया देवी, पार्वती देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। वहीं संस्था की ओर से सचिव रितेश तिवारी उर्फ महाकाल तिवारी, सदस्य ललिता देवी, शक्ति देवी, श्याम सुंदर दुबे समेत अन्य सदस्य मौजूद थे।
इस अवसर पर संस्था के सचिव रितेश तिवारी उर्फ महाकाल तिवारी ने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य केवल गरीब परिवारों की बेटियों का विवाह कराना ही नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद व्यक्ति की हर संभव सहायता करना है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से अपील की कि वे आगे बढ़कर ऐसे परिवारों की मदद करें, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी बेटी का विवाह प्रभावित न हो।
ग्रामीणों ने फाउंडेशन की इस पहल को सामाजिक सहयोग और सामूहिक जिम्मेदारी की दिशा में एक सराहनीय प्रयास बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों की अपेक्षा जताई।

Post a Comment

0 Comments