Ticker

6/recent/ticker-posts

राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘माई भारत – युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम संपन्न, युवाओं को मिला प्रेरणा का संदेश

गढ़वा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल ‘मेरा युवा भारत (MY Bharat)’ के तत्वावधान में ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। मेजर ध्यानचंद की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करना रहा।
इस कार्यक्रम के लिए गढ़वा जिले से श्री सद्गुरु जगजीत सिंह नामधारी महाविद्यालय का चयन किया गया था। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन रहा, जिसका सीधा प्रसारण महाविद्यालय में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. भास्कर कुमार ने किया।
स्थानीय स्तर पर आयोजित ‘युवा संवाद’ सत्र का संचालन शिल्पा साक्षी एवं रागिनी ने किया। इस दौरान युवाओं ने खेल, फिटनेस, नागरिक कर्तव्य तथा विकसित भारत @2047 के लक्ष्य पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. पंकज (समन्वयक, ICAR-IARI पूसा संस्थान, नई दिल्ली) उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को खेल अनुशासन एवं करियर निर्माण के लिए प्रेरित किया। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में एथलेटिक्स खिलाड़ी विवेक कुमार ठाकुर, गुंजन कुमारी एवं कंचन कुमार ने अपने अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार पाठक, डॉ. परमेश्वर साहू, डॉ. जगदीश्वर पांडे एवं डॉ. मिथिलेश रंजन सहित कई गणमान्य शिक्षक एवं अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ‘युवा संवाद’ में चार प्रमुख विषयों—नागरिक बोध, भविष्य के लिए तैयार युवा, स्वयंसेवा का नया स्वरूप तथा ‘माई भारत’ को सशक्त बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
कार्यक्रम में स्वयंसेवक एवं विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही, जिसमें सुप्रिया कुमारी, आस्था श्रीवास्तव, दीपशिखा पाठक, रागिनी कुमारी, शिल्पा साक्षी, शालू शुक्ला, स्नेहा कुमारी केशरी, अफजल अंसारी, विश्वजीत कुमार सोनी, रविकांत सिंह, नितेश कुमार, राजन विश्वकर्मा एवं शशि रंजन कुमार सहित कई छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
कार्यक्रम का समापन युवाओं को खेल एवं फिटनेस के प्रति जागरूक रहने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के संदेश के साथ किया गया।

Post a Comment

0 Comments