Ticker

6/recent/ticker-posts

निधि आपके निकट 2.0: बीएसकेडी पब्लिक स्कूल में ईपीएफओ का जागरूकता कैंप आयोजित

गढ़वा। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की ओर से गुरुवार को शहर के बीएसकेडी पब्लिक स्कूल में ‘निधि आपके निकट 2.0’ कार्यक्रम के तहत जागरूकता सह कैंप का आयोजन किया गया। 27 अगस्त 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय के कर्मचारियों एवं नियोक्ता को ईपीएफओ की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी देना तथा उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना रहा।
कार्यक्रम में ईपीएफओ के लेखा पदाधिकारी विनीत कुमार मिश्र एवं सामाजिक सुरक्षा सहायक अनुज कुमार पांडेय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उपस्थित कर्मचारियों को कर्मचारी भविष्य निधि (पीएफ), कर्मचारी पेंशन योजना (ईपीएस), यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (यूएएन) तथा ऑनलाइन सदस्य सेवाओं सहित ईपीएफओ की विभिन्न सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान पीएफ खाते से संबंधित समस्याओं, ऑनलाइन क्लेम प्रक्रिया, दावों के निस्तारण, पेंशन एवं बीमा योजनाओं से जुड़े मुद्दों पर कर्मचारियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। साथ ही, अधिकारियों ने ईपीएफओ सेवाओं का लाभ लेने हेतु आवश्यक प्रक्रियाओं एवं सावधानियों के बारे में भी विस्तार से बताया।
जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ-साथ शिक्षककेतर कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए ईपीएफओ की योजनाओं के विभिन्न पहलुओं की समग्र जानकारी दी गई।

Post a Comment

0 Comments