गढ़वा। ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में अभिभावकों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने, स्वस्थ खान-पान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा विद्यालय–अभिभावक सहभागिता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ‘पैरेंट फायरलेस कुकिंग एक्टिविटी’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चयनित अभिभावकों ने पूरे उत्साह, सृजनात्मकता एवं उत्कृष्ट प्रस्तुति के साथ बिना आग के विभिन्न स्वादिष्ट व पौष्टिक व्यंजन तैयार कर अपनी पाक-कला का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने आकर्षक सजावट, स्वच्छता, पोषण एवं नवीनता का विशेष ध्यान रखते हुए अपने व्यंजनों को प्रस्तुत किया। निर्णायकों द्वारा व्यंजनों का मूल्यांकन स्वाद, पोषण, प्रस्तुति, रचनात्मकता एवं स्वच्छता के आधार पर किया गया। प्रतियोगिता प्रारंभ होने के उपरांत प्रतिभागियों को एक घंटे का समय दिया गया, जिसमें सभी ने अपने-अपने पसंद के व्यंजन तैयार कर आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर अंजनी अग्रवाल, अंचल कुमारी, यासमीन नाज़, ममता अग्रवाल, सुरुचि गुप्ता, ज्योति कश्यप, सुषमा कुमारी सिंह, कंचन आनंद, खुशबू देवी, प्रियंका गुप्ता, प्रियंका सिन्हा, रेखा कुमारी, रंजना भारती, पुष्पा गुप्ता, सुमन सिन्हा, सोनाली साहू एवं रेनू कुमारी सहित अन्य अभिभावकों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए श्रीमती अंचल कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर पुरस्कार हासिल किया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. निरकेष शर्मा ने सभी प्रतिभागी अभिभावकों का स्वागत करते हुए उनके उत्साह एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की रचनात्मक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों का आयोजन निरंतर करता रहेगा।
कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, उमंग और सौहार्द से परिपूर्ण रहा। अंत में सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी गई तथा विद्यालय परिवार की ओर से उनके सहयोग के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
0 Comments