Ticker

6/recent/ticker-posts

नगर परिषद की त्वरित पहल से गोविंद स्कूल और पुरानी बाजार में नाली जाम की समस्या का समाधान

गढ़वा। शहर में जलजमाव और गंदगी की समस्या को लेकर नगर परिषद ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई करते हुए लोगों को राहत पहुंचाई है। गोविंद स्कूल के मुख्य गेट के पास बारिश के कारण पानी जमा होने तथा नाली का गंदा पानी सड़क पर बहने से स्थानीय नागरिकों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
मामले की जानकारी मिलते ही नगर परिषद अध्यक्ष के निर्देश पर तत्काल सफाई टीम को मौके पर भेजा गया। टीम द्वारा नाली की व्यापक सफाई कराई गई, जिससे जलजमाव की समस्या पूरी तरह समाप्त हो गई और आवागमन सुचारू हो सका।
इसी क्रम में पुरानी बाजार क्षेत्र में भी नाली जाम होने की शिकायत मिलने पर नगर परिषद की सफाई टीम ने बिना विलंब किए मौके पर पहुंचकर सफाई कार्य कराया। नालियों से कचरा निकालकर जल निकासी को पुनः सुचारू किया गया, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि शहरवासियों को जलजमाव और गंदगी से मुक्ति दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता, विशेषकर बच्चों को होने वाली किसी भी समस्या पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि नालियों में कचरा या प्लास्टिक न फेंकें, ताकि जल निकासी बाधित न हो। साथ ही, किसी भी क्षेत्र में नाली जाम या सफाई से संबंधित समस्या होने पर तुरंत नगर परिषद को सूचित करने का आग्रह किया, ताकि समय पर समाधान किया जा सके।

Post a Comment

0 Comments