गढ़वा। पेफी, जिला प्रशासन एवं जिला पब्लिक स्कूल समन्वय समिति के तत्वाधान में आयोजित प्रथम गढ़वा जिला अंतर स्कूल फुटबॉल चैंपियनशिप (अंडर-15 बालिका वर्ग) में कस्तूरबा विद्यालयों का दबदबा देखने को मिला। फुटबॉल स्टेडियम में खेले गए मुकाबलों में कस्तूरबा विद्यालय भंडरिया और कस्तूरबा विद्यालय गढ़वा ने अपने-अपने मैच जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
पहले मैच में कस्तूरबा विद्यालय भंडरिया ने कस्तूरबा विद्यालय भवनाथपुर को 6-0 से पराजित किया। वहीं दूसरे मैच में आरके पब्लिक स्कूल मझिआंव और बीएसकेडी पब्लिक स्कूल के बीच मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।
तीसरे मैच में कस्तूरबा विद्यालय भंडरिया ने मिलेनियम पब्लिक स्कूल को 5-0 से हराया। इस मैच में भंडरिया की ओर से रंभा ने चार गोल और सोनी ने एक गोल किया।
चौथे मुकाबले में आरके पब्लिक मझिआंव और ज्ञान निकेतन कान्वेंट स्कूल गढ़वा के बीच खेला गया मैच भी बराबरी पर रहा।
पांचवें मैच में कस्तूरबा विद्यालय गढ़वा ने कौटिल्य पब्लिक स्कूल को 3-0 से हराकर पूरे अंक हासिल किए। गढ़वा टीम की ओर से सुनीता ने दो गोल और दुर्गा ने एक गोल किया।
प्रतियोगिता जिला खेल पदाधिकारी दिलीप कुमार के मार्गदर्शन एवं जिला प्रशासन के सहयोग से सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है। आयोजन को सफल बनाने में जिला कोऑर्डिनेटर कमलेश कुमार दुबे, समिति के उपाध्यक्ष जिनाहुद्दीन खान, धर्मराज भारती, कार्यकारी सचिव आनंद सिन्हा, सहसचिव प्रिंस सोनी, आनंद यादव सहित कई पदाधिकारी सक्रिय रहे।
रेफरी के रूप में शशि रंजन, विजय सिंह, संजय प्रताप देव, सुशील कुमार, शशि कुमार एवं सोनू सिंह मौजूद रहे। उद्घोषक मनोज तिवारी रहे। आरके पब्लिक स्कूल गढ़वा के कोच इम्तियाज खान, बीएसकेडी के कोच राजकुमार, आरके पब्लिक मझिआंव के कोच जय गोविंद ठाकुर एवं ज्ञान निकेतन कान्वेंट स्कूल के कोच मुकेश भारती भी उपस्थित थे।
0 Comments