Ticker

6/recent/ticker-posts

प्रतिभा को पहचानकर आगे बढ़ाना ही शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य : विष्णु दयाल राम

गढ़वा। आर. के. पब्लिक स्कूल, सोनपुरवा, गढ़वा के सेमिनार हॉल में आज प्रतिभाशाली एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।
समारोह के मुख्य अतिथि गढ़वा–पलामू के लोकप्रिय सांसद विष्णु दयाल राम रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की विभिन्न क्षेत्रों—शैक्षणिक, खेलकूद, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा कला एवं शिल्प—में उत्कृष्ट उपलब्धियों की सराहना की गई। इस अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रमाण-पत्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में आरके ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन अलखनाथ पाण्डेय ने भी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनकी उपलब्धियों की प्रशंसा की। उन्होंने विद्यार्थियों एवं बीएड तथा डीएलएड के प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए सांसद विष्णु दयाल राम के जीवन, संघर्ष और जनसेवा से जुड़े अनुभवों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि आज के बदलते दौर में केवल पुस्तकीय ज्ञान पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों में तीव्र सोचने की क्षमता, तेजी से सीखने की प्रवृत्ति तथा गतिविधि-आधारित शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है, जिसमें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, कला एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा अवश्य होती है, आवश्यकता केवल उसे पहचानकर सही दिशा देने की है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने लक्ष्य निर्धारित करें और उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर परिश्रम करें। अनुशासन, मेहनत और सतत सीखने की प्रवृत्ति ही सफलता की कुंजी है।
सांसद ने कहा कि यह सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने विद्यालय, परिवार और समाज का नाम रोशन करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर अलखनाथ पाण्डेय ने कहा कि एक सफल विद्यार्थी वही है जो केवल अच्छे अंक प्राप्त न करे, बल्कि एक अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक भी बने। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता के बाद भी विनम्रता और सेवा भाव बनाए रखना चाहिए।
सम्मान समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने भी भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि प्रतिभा को सही मंच और प्रोत्साहन मिलने पर विद्यार्थी शिक्षा, खेल, कला एवं अन्य क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं।
कार्यक्रम का मंच संचालन आरके पब्लिक स्कूल गढ़वा की शिक्षिका श्वेता पांडेय ने किया। इस अवसर पर गढ़वा जिला सांसद प्रतिनिधि प्रमोद चौबे, वरिष्ठ भाजपा नेता ईश्वरी पाण्डेय, आरकेवीएस महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. चंद्रदीप पाण्डेय, चंद्रमणि पाठक, अलख दुबे, मुकेश चौबे, सतीश तिवारी एवं महेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments