Ticker

6/recent/ticker-posts

तिरंगा यात्रा में निकले सीआरपीएफ जवानों का शौकत खान ने किया सम्मान

गढ़वा। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व आयोजित “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत गढ़वा में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा के दौरान सीआरपीएफ 172 बटालियन के जवानों का समाजसेवी शौकत खान ने विशेष रूप से सम्मान किया। कचहरी रोड स्थित कपड़ा बैंक परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में देशभक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीआरपीएफ 172 बटालियन के कमांडेंट अजय वर्मा के मार्गदर्शन तथा द्वितीय कमांडेंट शैलेन्द्र कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में बुधवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान हाथों में तिरंगा लेकर बाइक रैली के रूप में शहर के विभिन्न मोहल्लों से गुजरे। यात्रा के दौरान “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो उठा।
तिरंगा यात्रा जैसे ही कचहरी रोड स्थित कपड़ा बैंक परिसर पहुंची, वहां पहले से तैयारियों में जुटे कार्यक्रम आयोजक सह “तिरंगा वाले” के नाम से चर्चित शौकत खान ने जवानों का भव्य स्वागत किया। उन्होंने द्वितीय कमांडेंट शैलेन्द्र कुमार वशिष्ठ सहित सभी जवानों को पुष्पगुच्छ एवं राष्ट्रीय ध्वज भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर शौकत खान एवं उनके पुत्र साजिद खान द्वारा जवानों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई।
सम्मान समारोह के दौरान द्वितीय कमांडेंट शैलेन्द्र कुमार वशिष्ठ ने कहा कि सुबह से तिरंगा यात्रा में शामिल रहने के दौरान कई स्थानों से गुजरे, लेकिन कचहरी रोड पर शौकत खान द्वारा दिया गया सम्मान और स्नेह अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि जवानों को अपने हाथों से जलपान कराना एवं मिठाई खिलाकर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देना वास्तव में सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शौकत खान के इस कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने शहर में देशभक्ति और एकता का संदेश दिया।

Post a Comment

0 Comments