गढ़वा। हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को रमुना स्थित फॉरेस्ट परिसर में राष्ट्रीय तिरंगा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व “तिरंगा वाले” के नाम से प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता शौकत खान एवं संचालक साजिद खान ने किया। समारोह में भारतीय सेना, झारखंड पुलिस एवं शहीदों के सम्मान में तिरंगा के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर रमुना निवासी सुनील कुमार को उनके साहसिक कार्यों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सुनील अब तक सैकड़ों सांपों का रेस्क्यू कर चुके हैं और आम नागरिकों के साथ-साथ वन्यजीवों की सुरक्षा में अहम योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कई खतरनाक व विषैले सांपों को लोगों के घरों, कार्यालयों और अन्य स्थानों से सुरक्षित निकालकर लोगों की जान बचाई है। साथ ही वे लोगों को जागरूक करते हैं कि सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज कराना चाहिए और सांपों को मारने के बजाय सुरक्षित छोड़ देना चाहिए।
शौकत खान ने बताया कि वे सोशल मीडिया पर सुनील के कार्यों को देखकर उनसे प्रभावित हुए और उन्हें इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में आमंत्रित कर तिरंगा भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान सुनील के सहयोगियों एवं वन विभाग के कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शौकत खान ने अपने स्वर्गीय पिता हाजी अलीजान खान की प्रथम पुण्यतिथि पर वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अपील की कि वे अपने माता-पिता या प्रियजनों के नाम पर पौधारोपण करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण सुरक्षित रखा जा सके।
0 Comments