Ticker

6/recent/ticker-posts

दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, गरीबों के बीच साड़ी-गमछा व भोजन वितरण

डंडई (गढ़वा)। प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रखंड कार्यालय परिसर में मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रखंड इकाई के नेतृत्व में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि श्रद्धा, सम्मान और सादगी के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं झामुमो कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी देवलाल करमाली, अंचलाधिकारी जयशंकर पाठक, थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष तेज बहादुर सिंह, जिला कार्यकारी अध्यक्ष राजेश मेहता, नीलकंठ सिंह, मैनुद्दीन अंसारी, दुर्गावती देवी, महिला मोर्चा सचिव सुमन देवी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान “दिशोम गुरु अमर रहें” के नारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा।
प्रखंड विकास पदाधिकारी देवलाल करमाली ने कहा कि दिशोम गुरु Shibu Soren ने झारखंड के आदिवासी, मूलवासी एवं वंचित समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनका संघर्ष और व्यक्तित्व नई पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। अंचलाधिकारी जयशंकर पाठक ने कहा कि उनका योगदान सामाजिक न्याय, जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण रहा। वहीं थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी ने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व समाज को सेवा, समर्पण और एकता का संदेश देते हैं।
श्रद्धांजलि सभा के उपरांत गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के बीच साड़ी, गमछा एवं अन्य अंगवस्त्रों का वितरण किया गया। साथ ही सभी जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया। उपस्थित लोगों ने इसे दिवंगत नेता के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताते हुए समाज सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के आदर्शों को आत्मसात करते हुए सामाजिक समरसता, जनसेवा एवं क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए मिल-जुलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर झामुमो नेता चंद्रशेखर प्रसाद, पचोर पंचायत के बीडीसी प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह, दुलारु चौधरी, धर्मेंद्र चंदेल, संजय राम, सनी कुमार, करीमन सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments