गढ़वा। मानवता की सेवा और ‘रक्तदान-महादान’ के संकल्प को साकार करते हुए ‘टीम दौलत’ ने एक बार फिर अपनी त्वरित कार्यशैली से एक जरूरतमंद मरीज की जान बचाकर मिसाल पेश की है। जानकारी के अनुसार, अस्पताल में भर्ती एक मरीज के लिए बी पॉजिटिव (B+) ब्लड की तत्काल आवश्यकता पड़ी। जैसे ही इसकी सूचना टीम तक पहुंची, बिना समय गंवाए मदद की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
सूचना मिलते ही टीम के समर्पित सहयोगी सुजन प्रमाणिक आगे आए और उन्होंने तुरंत रक्तदान कर मरीज को जीवनदान दिया। उनकी इस सेवा भावना और तत्परता की हर ओर सराहना हो रही है। इस दौरान मरीज और उनके परिजनों का हौसला बढ़ाने के लिए ‘टीम दौलत’ के सदस्य भी अस्पताल में मौजूद रहे।
मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष सह टीम संचालक आशीष कुमार सोनी उर्फ दौलत सोनी, वार्ड संख्या 21 के पार्षद सुनील कुमार, विशाल गुप्ता एवं प्रिंस सोनी उपस्थित थे।
इस अवसर पर आशीष कुमार सोनी ने कहा कि किसी की जिंदगी बचाना सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि जैसे ही ब्लड की आवश्यकता की सूचना मिली, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रक्त उपलब्ध कराया। उन्होंने सुजन प्रमाणिक के इस योगदान को सराहनीय और प्रेरणादायक बताया।
टीम के सदस्यों ने युवाओं से अपील की कि वे आगे आकर रक्तदान करें, क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी के जीवन को बचा सकता है। वहीं मरीज के परिजनों ने ‘टीम दौलत’ एवं रक्तदाता सुजन प्रमाणिक के प्रति आभार व्यक्त किया।
0 Comments