गढ़वा। रमना प्रखंड के ग्राम मगरा विवाटीकर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां राम विश्वकर्मा के पुत्र उमाशंकर विश्वकर्मा के घर में अचानक आग लगने से पूरा घर जलकर राख हो गया। इस भीषण अग्निकांड में घर में रखे महत्वपूर्ण जमीन के कागजात, करीब 65 हजार रुपये नकद, सोना-चांदी के आभूषण, राशन सामग्री तथा पहनने के कपड़े सहित लगभग सारा सामान नष्ट हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही जानकी सामूहिक विवाह फाउंडेशन के सचिव रितेश तिवारी उर्फ महाकाल तिवारी तत्काल गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनकी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान जिला परिषद सदस्य शांति देवी के नेतृत्व में फाउंडेशन की ओर से पीड़ित परिवार को राहत स्वरूप राशन सामग्री उपलब्ध कराई गई तथा तत्काल 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
फाउंडेशन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया गया। इस अवसर पर सचिव रितेश तिवारी ने कहा कि जानकी सामूहिक विवाह फाउंडेशन केवल सामूहिक विवाह तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद एवं असहाय परिवारों की मदद के लिए भी निरंतर कार्य करता है। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा रहना हम सभी का सामाजिक दायित्व है।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि परिवार फिर से अपने जीवन को पटरी पर ला सके।
0 Comments