केतार (गढ़वा)। पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पांच साल पुराने लूटकांड के मुख्य आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। लंबे समय से फरार चल रहा शातिर अपराधी अतुल राय उर्फ अतुल प्रकाश राय पुलिस से बचने के लिए अपनी पहचान बदलकर रह रहा था, लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर उसे दबोच लिया गया।
पुलिस अधीक्षक को मिली सटीक सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने जिले के डेहरी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर बांग्ला मोड़ के पास आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
गौरतलब है कि 12 फरवरी 2021 को खैरवा गांव के समीप दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने एक फाइनेंस कर्मी को हथियार के बल पर रोककर उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल लूट लिया था। इस संबंध में केतार थाना में कांड संख्या 11/21 के तहत धारा 392 भादवि दर्ज की गई थी।
तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने इस कांड के मास्टरमाइंड के रूप में अतुल राय की पहचान की थी, जो बक्सर (बिहार) का निवासी है। घटना के बाद से वह लगातार फरार था और अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।
केतार थाना लाकर पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
0 Comments