Ticker

6/recent/ticker-posts

झामुमो का एलान: खान एवं खनिज संशोधन विधेयक 2026 के खिलाफ होगा जोरदार जनआंदोलन

गढ़वा:केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने जोरदार जनआंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। आंदोलन की रणनीति तय करने को लेकर सोमवार को पूर्व मंत्री सह झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर के गढ़वा स्थित आवास पर पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
जिला अध्यक्ष शंभू राम की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में प्रस्तावित विधेयक के खिलाफ जनआंदोलन की तैयारी तथा जिले में संगठन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विधेयक के विभिन्न प्रावधानों पर गंभीर चर्चा करते हुए इसे राज्य और आम जनता के हितों के विपरीत बताया। बैठक का संचालन जिला सचिव मो. शरीफ अंसारी ने किया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि झारखंड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं—जैसे मईंया सम्मान योजना एवं मुफ्त बिजली—पर इस विधेयक के संभावित प्रभाव को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक लोगों के बीच जाकर विधेयक के दुष्परिणामों की जानकारी देने और अधिक से अधिक लोगों को आंदोलन से जोड़ने का निर्देश दिया गया। इसके तहत 30 अगस्त 2026 तक जिलेभर में बूथ स्तर पर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
साथ ही आगामी 7 सितंबर को जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि इस विधेयक से राज्य के संसाधनों और जनता के अधिकारों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। झामुमो झारखंड और यहां के निवासियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए किसी भी स्तर तक आंदोलन करने को तैयार है।
बैठक में पार्टी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से एकजुट होकर आंदोलन को व्यापक एवं सफल बनाने का आह्वान किया गया। साथ ही संगठन को और मजबूत एवं जनहित के मुद्दों पर सक्रिय बनाने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य रूप से जवाहर पासवान, ताहिर अंसारी, नितेश सिंह, मुक्तेश्वर पाण्डेय, तनवीर आलम खान, मनोज ठाकुर, मो. फरीद, अंजलि गुप्ता, चंदन जायसवाल, कामता प्रसाद, लल्लू राम, फुजैल अहमद, कामेश्वर चौधरी, रतन सिंह खरवार, जे.पी. मिंज, धन्नजय तिवारी, संजय सिंह उर्फ छोटू, ददन रेडी, फखरे आलम, शांति देवी, रंजनी कुमारी, अराधना सिंह, कांति देवी, विशेश्वर मेहता, दिनदयाल पासवान, अमरनाथ पाण्डेय, ललेश्वर जी, हरेन्द्र चौधरी, मो. रसीद, हरिओम यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments