Ticker

6/recent/ticker-posts

मालवीय जयंती 2026 की तैयारियां तेज, महामना परिवार की वर्चुअल बैठक में बनी रूपरेखा

गढ़वा। महामना परिवार, झारखण्ड के तत्वावधान में “महामना पण्डित मदन मोहन मालवीय जयंती समारोह–2026” के सफल आयोजन को लेकर रविवार की रात 8:30 बजे ज़ूम के माध्यम से एक आभासी बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों से 25 से अधिक सदस्यों ने सहभागिता करते हुए आगामी 25 दिसम्बर 2026 को रांची में प्रस्तावित जयंती समारोह की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में वरिष्ठ सदस्य डॉ. के.के. गुप्ता ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए अधिकाधिक सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा व्यवस्थित डाटा संकलन के जरिए सदस्य सूची तैयार करने पर जोर दिया। वहीं श्री मृत्युंजय मिश्र ने आयोजन समिति का शीघ्र गठन कर कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तय करने का सुझाव दिया।
महामना परिवार, झारखण्ड के संयोजक डॉ. विमलेन्दु कुमार त्रिपाठी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक चेतना का संचार करते हैं तथा महामना के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनते हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही गूगल फॉर्म के माध्यम से समारोह में भाग लेने वाले सदस्यों का पंजीकरण एवं आवश्यक जानकारियां एकत्र की जाएंगी। साथ ही सभी सदस्यों से आयोजन में सक्रिय भागीदारी और सहयोग सुनिश्चित करने की अपील की गई।
एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय के तहत प्रत्येक जिले में जिला समन्वयक नियुक्त करने का प्रस्ताव पारित किया गया, जो अपने-अपने क्षेत्र में आयोजन से संबंधित समन्वय एवं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निभाएंगे। जरूरत पड़ने पर बड़े जिलों में समन्वयकों की संख्या बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में डॉ. मनोज तिवारी, डॉ. अरुण कुमार मिश्र, डॉ. शशिकान्त पाण्डेय, डॉ. चन्द्रमौलीश्वर, डॉ. द्रवीण, राजीव मिश्रा, डॉ. रामअचल यादव, डॉ. दीपक कुमार सिंह, डॉ. देवेन्द्र प्रसाद, मिथिलेश कुमार, भुवन भास्कर, राजेश कुमार विश्वकर्मा, गौतम भारती, डॉ. पारंगत खलखो, शनि कुमार चौबे और डॉ. विनीता गुरिया सहित कई सदस्यों ने अपने विचार एवं सुझाव साझा किए।
बैठक की शुरुआत काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कुलगीत से हुई, जबकि संचालन सह-संयोजक डॉ. शम्भु तिवारी ने किया।

Post a Comment

0 Comments