गढ़वा (माझियांव): बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय गढ़वा द्वारा संचालित वनांचल डेंटल कॉलेज एवं अस्पताल तथा देवकी महावीर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में माझियांव प्रखंड के पूरे पंचायत भवन में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर सह चिकित्सा परामर्श का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।
शिविर में दांत से संबंधित विभिन्न बीमारियों की जांच कर मरीजों को आवश्यक दवाइयां नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। साथ ही दांतों की साफ-सफाई एवं बीमारियों से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। वहीं, होम्योपैथिक विशेषज्ञ चिकित्सकों ने भी मरीजों की जांच कर विभिन्न रोगों का उपचार करते हुए मुफ्त दवा वितरित की।
चिकित्सकों ने बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के उपाय बताते हुए लोगों को अपने आसपास जलजमाव नहीं होने देने, साफ-सफाई रखने तथा गर्म पानी के सेवन की सलाह दी। शिविर में डेंटल विभाग द्वारा लगभग 72 तथा होम्योपैथिक विभाग द्वारा करीब 61 मरीजों का इलाज किया गया।
इस अवसर पर डॉ. एके सिन्हा, डॉ. तारिक महमूद, डॉ. राकेश चौधरी, डॉ. आकांक्षा रानी, डॉ. निकिता रानी, डॉ. नंदकिशोर प्रसाद, डॉ. विशाल, डॉ. आदिल अख्तर, माजिद हुसैन, मुखिया शंभू पासवान एवं सहिया प्रेमा देवी सहित अन्य का सराहनीय योगदान रहा।
0 Comments