गढ़वा।पेफी, जिला प्रशासन एवं जिला पब्लिक स्कूल समन्वय समिति के तत्वावधान में आयोजित प्रथम गढ़वा जिला अंतर-विद्यालय फुटबॉल चैंपियनशिप (अंडर-19 बालक वर्ग) के लीग मुकाबलों में सोमवार को रोमांचक मैच देखने को मिले। प्रतियोगिता में हाई स्कूल तसरार, आरके पब्लिक स्कूल, बीएसकेडी पब्लिक स्कूल, ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट स्कूल एवं संत पॉल एकेडमी ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर पूरे अंक हासिल किए।
लीग मैचों में बीएसकेडी पब्लिक स्कूल ने बीएनटी संत मैरी को 1-0 से हराया। आरके पब्लिक स्कूल, गढ़वा ने डीएवी मॉडल स्कूल को एकतरफा मुकाबले में 9-0 से पराजित किया। हाई स्कूल तसरार ने एआरडी पब्लिक स्कूल को 2-0 से मात दी।
चौथे मुकाबले में ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट स्कूल ने ज्ञान भारती बेलचंपा को 1-0 से हराकर जीत दर्ज की। वहीं हाई स्कूल तसरार ने ऑक्सफोर्ड स्कूल को 2-0 से पराजित किया। अंतिम मैच में संत पॉल एकेडमी ने ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट स्कूल को 2-0 से हराकर शानदार जीत हासिल की।
मैच शुरू होने से पूर्व खिलाड़ियों से परिचय प्रतियोगिता के अध्यक्ष अलखनाथ पांडे, कार्यकारी सचिव आनंद कुमार सिन्हा, ज्ञान भारती के निदेशक पंकज आनंद तथा ऑक्सफोर्ड स्कूल के आकाश सोनी ने प्राप्त किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि अलखनाथ पांडे ने कहा कि खेल और सामाजिक गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण भागीदारी और सीख है। खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए।
प्रतियोगिता का सफल संचालन जिला खेल पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में किया जा रहा है। इसमें कार्यकारी सचिव आनंद कुमार सिन्हा, पेफी गढ़वा के जिला कोऑर्डिनेटर कमलेश कुमार दुबे, खेल मैदान प्रभारी अभिषेक द्विवेदी तथा फुटबॉल कोच सोनी कुमारी सक्रिय रूप से शामिल रहे।
मैचों में रेफरी की भूमिका संजय प्रताप देव, शशि रंजन, शशि कुमार, सुशील कुमार, विजय सिंह एवं सोनू सिंह ने निभाई। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के कोच, मैनेजर एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।
0 Comments