Ticker

6/recent/ticker-posts

सेवा, समर्पण और मानवता की मिसाल हैं डॉक्टर : जीएन कॉन्वेंट स्कूल में डॉक्टर डे व सीए डे मनाया गया

गढ़वा। जीएन कॉन्वेंट स्कूल में राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट दिवस संयुक्त रूप से हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रार्थना सभागार में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए निदेशक मदन प्रसाद केशरी ने डॉक्टरों की भूमिका को समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि हमारे देश के प्रसिद्ध चिकित्सक  का जन्म 1 जुलाई को हुआ था और इसी दिन उनका निधन भी हुआ था। उनके योगदान की स्मृति में ही राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि डॉ. राय एक महान चिकित्सक होने के साथ-साथ स्वतंत्रता सेनानी और शिक्षाविद भी थे।
निदेशक ने कहा कि डॉक्टर केवल बीमारियों का इलाज ही नहीं करते, बल्कि समाज को स्वस्थ और सुरक्षित बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे विपरीत परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करते हैं तथा अपने व्यक्तिगत सुख-सुविधाओं को दरकिनार कर आम नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा में जुटे रहते हैं। यह दिन उन सभी डॉक्टरों को समर्पित है, जो अपनी सेवा और समर्पण से लोगों की जान बचाने का कार्य करते हैं।
वहीं, चार्टर्ड अकाउंटेंट दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि यह दिवस वित्त और व्यवसाय के क्षेत्र में सीए के योगदान और उपलब्धियों को रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स देश की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं और उनके द्वारा किए गए वित्तीय प्रबंधन से राष्ट्रीय कार्य सुचारू रूप से संचालित होते हैं।
कार्यक्रम का संचालन नीरा शर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संतोष प्रसाद द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments