Ticker

6/recent/ticker-posts

ई-विद्या वाहिनी व FLN मूल्यांकन पर दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शुरू

गढ़वा | झारखंड शिक्षा परियोजना, गढ़वा के तत्वावधान में ई-विद्या वाहिनी आधारित विद्यालय अनुश्रवण एवं आधारभूत साक्षरता एवं संख्याज्ञान (FLN) मूल्यांकन को अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने के उद्देश्य से दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ नगर परिषद सभागार, पुराना समाहरणालय, गढ़वा में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रजा एवं जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मौके पर अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार सहित शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी तथा जिले के सभी प्रखंडों से आए BRP एवं CRP उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण का संचालन राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर मिथिलेश सिंह (SPMU), शैलेश तिवारी एवं रूम टू रीड के जिला प्रतिनिधि लखविन्द्र कुमार द्वारा किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ई-विद्या वाहिनी ऐप एवं पोर्टल के प्रभावी उपयोग, विद्यालय अनुश्रवण की अद्यतन प्रक्रिया, गुणवत्तापूर्ण डेटा प्रविष्टि, FLN मूल्यांकन, सीखने के परिणामों के विश्लेषण एवं शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार की रणनीतियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षकों ने व्यवहारिक अभ्यास के माध्यम से अनुश्रवण के महत्वपूर्ण बिंदुओं तथा FLN मूल्यांकन के आधार पर विद्यालय स्तर पर शैक्षणिक हस्तक्षेप सुनिश्चित करने के तरीकों की जानकारी दी। प्रशिक्षण को सहभागितापूर्ण बनाते हुए प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक ने कहा कि ई-विद्या वाहिनी केवल अनुश्रवण का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार का एक सशक्त डिजिटल उपकरण है। उन्होंने BRP एवं CRP से प्रशिक्षण के अनुभवों का उपयोग कर विद्यालयों में नियमित अनुश्रवण एवं FLN लक्ष्यों की प्रभावी प्राप्ति सुनिश्चित करने की अपील की।
प्रशिक्षण का उद्देश्य जिले में ई-विद्या वाहिनी आधारित अनुश्रवण प्रणाली को सुदृढ़ करना, FLN मूल्यांकन की गुणवत्ता में सुधार लाना, डेटा आधारित शैक्षणिक योजना को मजबूत करना तथा विद्यालयों में परिणामोन्मुख शिक्षा सुनिश्चित करना है।

Post a Comment

0 Comments