गढ़वा। सदर अस्पताल गढ़वा में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को अस्पताल परिसर स्थित मीटिंग सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. कैनेडी ने की, जबकि उपाधीक्षक डॉ. माहेरू यमानी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में सदर अस्पताल के सभी इकाई एवं वार्ड प्रभारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान अस्पताल की विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, रिकॉर्ड संधारण, चिकित्सा व्यवस्था एवं प्रशासनिक कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। सिविल सर्जन ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं इंजुरी रिपोर्ट प्रत्येक स्थिति में 72 घंटे के भीतर तैयार कर संबंधित पक्ष को उपलब्ध कराई जाए, ताकि न्यायिक एवं प्रशासनिक कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।
उन्होंने सभी वार्ड प्रभारियों को निर्देशित किया कि जन्म प्रमाण पत्र एवं मृत्यु प्रमाण पत्र निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्गत करना सुनिश्चित करें, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही अस्पताल के प्रत्येक वार्ड, ओपीडी, इमरजेंसी, लेबर रूम एवं अन्य इकाइयों में स्वच्छता एवं संक्रमण नियंत्रण (IPC) के मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया।
बैठक में HMIS (Health Management Information System) की समीक्षा करते हुए सभी वार्ड प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक माह की रिपोर्ट समय पर जिला डाटा प्रबंधक को उपलब्ध कराएं, ताकि स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर अद्यतन एवं गुणवत्तापूर्ण डाटा अपलोड हो सके।
सिविल सर्जन ने कहा कि अस्पताल में भर्ती प्रत्येक मरीज को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा उपचार पूर्ण होने के बाद समय पर डिस्चार्ज सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दोहराया कि मरीजों की संतुष्टि, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं एवं समयबद्ध कार्य निष्पादन ही विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. कैनेडी ने कहा, “सदर अस्पताल में प्रत्येक स्वास्थ्य सेवा निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित होनी चाहिए। पोस्टमार्टम एवं इंजुरी रिपोर्ट 72 घंटे के भीतर उपलब्ध कराना, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र समय पर निर्गत करना तथा HMIS रिपोर्ट की शत-प्रतिशत समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण एवं मरीजों की सुविधा से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
वहीं, उपाधीक्षक डॉ. माहेरू यमानी ने कहा मरीजों को बेहतर एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। सभी वार्ड प्रभारी वार्ड प्रबंधन, दवा उपलब्धता, साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण एवं मरीजों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। टीमवर्क एवं अनुशासित कार्यशैली से ही अस्पताल की सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है।
बैठक में सभी वार्ड प्रभारियों ने दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने का भरोसा दिलाया।
0 Comments