गढ़वा। भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय नेता डॉ. पातंजली केशरी ने पटना के महत्वपूर्ण बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचकर भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों का दौरा कर मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
जनसंपर्क अभियान के दौरान डॉ. केशरी ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में सुशासन और सर्वांगीण विकास को गति देने के लिए भाजपा को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार के माध्यम से रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई सहित सभी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विकास संभव है।
इस दौरान उन्होंने केसरवानी वैश्य समाज के लोगों के साथ बैठक कर उनका समर्थन प्राप्त किया। समाज के लोगों ने भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदान करने का भरोसा दिलाया। डॉ. केशरी ने बताया कि बांकीपुर क्षेत्र में पहले से ही भाजपा के प्रति लोगों का रुझान रहा है और इस उपचुनाव में भी जनता भाजपा को ही अपना समर्थन देगी।
उन्होंने कहा कि बांकीपुर के पूर्व विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन के राज्यसभा सांसद बनने के बाद यह सीट रिक्त हुई है, और अब उपचुनाव में नीरज कुमार सिन्हा पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता एक बार फिर विकास की बागडोर भाजपा को सौंपेगी।
0 Comments