Ticker

6/recent/ticker-posts

पलामू-गढ़वा के विकास को रफ्तार देने की पहल, वैगन उत्पादन इकाई की मांग तेज

गढ़वा। पलामू संसदीय क्षेत्र से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाते हुए जिले में रेलवे वैगन उत्पादन इकाई तथा मेगा वैगन अनुरक्षण (POH/ROH) कार्यशाला की स्थापना की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री  को पत्र लिखकर एवं व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर इस प्रस्ताव पर गंभीरतापूर्वक विचार करने का आग्रह किया।
सांसद श्री राम ने कहा कि पलामू और गढ़वा जिले झारखंड के सबसे पिछड़े एवं औद्योगिक रूप से उपेक्षित क्षेत्रों में गिने जाते हैं। स्थानीय स्तर पर रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में युवाओं को अन्य राज्यों की ओर पलायन करना पड़ता है, जिससे सामाजिक एवं आर्थिक व्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने बताया कि झारखंड देश के प्रमुख माल ढुलाई राज्यों में शामिल है, खासकर कोयला परिवहन में इसकी अहम भूमिका है। इसके बावजूद राज्य में अब तक भारतीय रेल की कोई बड़ी वैगन उत्पादन इकाई स्थापित नहीं की गई है। पलामू जिले के गढ़वा रोड एवं जपला रेलवे स्टेशन इस तरह की परियोजना के लिए उपयुक्त स्थान हैं, जहां पर्याप्त रेलवे भूमि उपलब्ध है और ये स्टेशन कोलफील्ड क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण मालवाहक रेल मार्ग पर स्थित हैं।
श्री राम ने कहा कि इन मार्गों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में खाली मालगाड़ियां गुजरती हैं, जिससे यहां वैगनों के पीरियॉडिक ओवरहॉल (POH) एवं रूटीन ओवरहॉल (ROH) कार्यों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध हैं। वर्तमान में भारतीय रेल को अनुरक्षण कार्यों के लिए पर्याप्त क्षमता के अभाव का सामना करना पड़ रहा है, जिसके कारण वैगनों की उपलब्धता और परिचालन दक्षता प्रभावित होती है।
उन्होंने रेल मंत्री से आग्रह किया कि गढ़वा रोड एवं जपला में वैगन उत्पादन इकाई या मेगा अनुरक्षण कार्यशाला स्थापित करने के प्रस्ताव को प्राथमिकता दी जाए। इससे न केवल रेलवे की परिचालन क्षमता और सुरक्षा में सुधार होगा, बल्कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा, औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और युवाओं के पलायन पर भी रोक लग सकेगी।

Post a Comment

0 Comments