Ticker

6/recent/ticker-posts

पलामू-गढ़वा की पांच जर्जर सड़कों का होगा निर्माण, सांसद की पहल रंग लाई

गढ़वा। पलामू संसदीय क्षेत्र की जर्जर सड़कों से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। सांसद विष्णु दयाल राम की अनुशंसा के आलोक में पथ निर्माण विभाग, झारखंड सरकार द्वारा क्षेत्र की पांच महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इस संबंध में विभागीय स्तर पर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही अभियंताओं की टीम संबंधित सड़कों का स्थलीय निरीक्षण करेगी।
सांसद श्री राम ने जानकारी देते हुए बताया कि पलामू एवं गढ़वा जिले की इन सड़कों की स्थिति लंबे समय से खराब थी, जिससे आम लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इसे देखते हुए उन्होंने 24 मार्च 2026 को पत्र लिखकर पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव से इन सड़कों के निर्माण की अनुशंसा की थी।
प्रस्तावित सड़कों में पलामू जिले के अंतर्गत एनएच-139 हरिहरगंज दुबटिया मोड़ से पीपरा होते हुए हुसैनाबाद तक लगभग 22 किमी, चेचरिया से जमडीहा होते हुए बसरिया वाया जोगा तक करीब 13 किमी तथा जपला-छतरपुर से मझौली, पीपरा बाजार होते हुए मधुबाना तक लगभग 15 किमी सड़क शामिल है। वहीं गढ़वा जिले में परों से फकीराडीह तक लगभग 24 किमी तथा पनघटवा से धुरकी तक करीब 13 किमी सड़क का निर्माण प्रस्तावित है।
इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

Post a Comment

0 Comments