गढ़वा। भारत सरकार के खेल मंत्रालय की महत्वाकांक्षी योजना ‘खेलो इंडिया अस्मिता वुमेंस सिटी लीग (साइक्लिंग) 2026’ के तहत 11 जुलाई को मेराल जिला मुख्यालय में भव्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता में भागीदारी के लिए अब तक 320 से अधिक महिला खिलाड़ियों ने अपना पंजीकरण कराया है, जिससे आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है।
प्रतियोगिता में सब जूनियर यूथ गर्ल्स, जूनियर गर्ल्स एवं वुमेन एलिट वर्ग में मुकाबले होंगे। प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गढ़वा के उप विकास आयुक्त तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा स्थानीय प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। आयोजन प्रभारी सुशील कुमार तिवारी को मीडिया समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह प्रतियोगिता देशभर में महिला खिलाड़ियों के सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। गढ़वा जिला साइक्लिंग संघ के तत्वावधान में अनुभवी तकनीकी अधिकारियों की देखरेख में प्रतियोगिता संपन्न होगी।
विशेष रूप से झारखंड साइक्लिंग संघ के महासचिव सह साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव शैलेंद्र पाठक की उपस्थिति आयोजन को और महत्वपूर्ण बनाएगी।
0 Comments