गढ़वा। शहर के बाईपास रोड स्थित सीबीएसई से मान्यता प्राप्त जीएन कॉन्वेंट स्कूल में शुक्रवार को “सोशल मीडिया एवं मोबाइल के दुरुपयोग का छात्र जीवन पर नकारात्मक प्रभाव” विषय पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन नीरा शर्मा के निर्देशन में किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यमों के संतुलित एवं सकारात्मक उपयोग के प्रति जागरूक करना तथा उनके व्यक्तित्व व शैक्षणिक विकास पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक मदन प्रसाद केसरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यशाला में कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को बताया कि सोशल मीडिया और मोबाइल का अनियंत्रित उपयोग पढ़ाई, मानसिक स्वास्थ्य, समय प्रबंधन एवं सामाजिक व्यवहार पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। साथ ही तकनीक का उपयोग ज्ञानवर्धन, रचनात्मक कार्यों और आत्मविकास के लिए करने की प्रेरणा दी गई।
मौके पर निदेशक मदन प्रसाद केसरी ने कहा कि डिजिटल युग में मोबाइल और सोशल मीडिया ज्ञान प्राप्ति का प्रभावी माध्यम हैं, लेकिन इनका दुरुपयोग विद्यार्थियों के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासित जीवनशैली अपनाने, अध्ययन को प्राथमिकता देने तथा तकनीक का उपयोग सकारात्मक उद्देश्यों के लिए करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्राचार्य बसंत ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ डिजिटल अनुशासन भी आवश्यक है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में सही सोच विकसित करने और उन्हें जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
0 Comments