गढ़वा। सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए इनरव्हील क्लब ऑफ गढ़वा ग्लोरियस की सदस्य रजनी गुप्ता एवं उनके पति शिव कुमार गुप्ता ने अपनी 18वीं वैवाहिक वर्षगांठ को मानव सेवा के नाम समर्पित कर एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर स्थानीय सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में क्लब के तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में कुल पांच यूनिट रक्त संग्रह किया गया। रक्तदाताओं में रजनी गुप्ता, क्लब की सचिव अंकिता अग्रवाल, डेंटल कॉलेज के छात्र सोनू कुमार, अंकित कुमार एवं दीपक कुमार शामिल रहे। सभी ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इसी अवसर पर अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों के बीच फल, ब्रेड एवं लस्सी के करीब 50 पैकेट वितरित किए गए। इस सेवा कार्य से जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई और कई लोग भावुक होकर आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते नजर आए।
क्लब की अध्यक्षा दीपाली अग्रवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी सदस्यों के जन्मदिन, वर्षगांठ जैसे अवसरों पर इस प्रकार के सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, हर माह रक्तदान शिविर आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और स्वस्थ व्यक्ति को आगे आकर इसमें भाग लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक करते हुए प्रेरित किया गया कि यह पूरी तरह सुरक्षित है और इससे न केवल दूसरों की जान बचती है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष विनीता आनंद, श्वेता सोनी, शोभा सोनी, अर्चना कश्यप, प्रीति गुप्ता, प्रीति कश्यप, खुशबू गुप्ता, शोभा कश्यप, ममता कश्यप, प्रतिमा कश्यप, डॉ. प्रीति गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्लड बैंक प्रभारी प्रदीप कुमार एवं अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विवेक कश्यप का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
0 Comments