डंडई (गढ़वा)। प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। अब जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों के लिए अंचल कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अंचल प्रशासन द्वारा पंचायत स्तर पर विशेष राजस्व शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है, जिससे ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
अपर समाहर्ता, गढ़वा के निर्देश पर इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविरों में बंटवारा, नामांतरण, उत्तराधिकारी नामांतरण तथा ऑनलाइन पंजी-2 में त्रुटि सुधार से संबंधित आवेदनों का निष्पादन किया जाएगा। अंचल अधिकारी ने बताया कि सरकार की प्राथमिकता है कि राजस्व सेवाएं लोगों के घर के समीप उपलब्ध कराई जाएं, ताकि अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि अब ग्रामीणों को जमीन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार अंचल कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा। पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों में आवेदन लेकर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी राजस्व उपनिरीक्षकों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें तथा मुखिया, वार्ड सदस्य और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें।
शिविर का निर्धारित कार्यक्रम इस प्रकार है:08 जुलाई 2026 – पंचायत भवन, जरही11 जुलाई 2026 – पंचायत भवन, लवाही कला15 जुलाई 2026 – पंचायत भवन, रारो18 जुलाई 2026 – पंचायत भवन, झोतर20 जुलाई 2026 – पंचायत भवन, तसरार23 जुलाई 2026 – पंचायत भवन, करके है
अंचल प्रशासन ने सभी ग्रामीणों से अपील की है कि जिनके बंटवारा, नामांतरण, उत्तराधिकारी नामांतरण अथवा ऑनलाइन पंजी-2 में त्रुटि सुधार से जुड़े मामले लंबित हैं, वे निर्धारित तिथि पर अपने संबंधित पंचायत भवन में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर शिविर का लाभ उठाएं। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से राजस्व मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
0 Comments