Ticker

6/recent/ticker-posts

अभाविप के 78वें स्थापना दिवस पर ‘कर्मयोगी’ सम्मान समारोह, समाज के प्रेरणास्रोत होंगे सम्मानित

गढ़वा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) गढ़वा इकाई द्वारा 9 जुलाई को 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर शहर के बंधन मैरिज हॉल में भव्य ‘कर्मयोगी’ सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट, अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए अभाविप के राज्य विश्वविद्यालय कार्य संयोजक मंजुल शुक्ल ने बताया कि परिषद अपने स्थापना काल से ही राष्ट्र निर्माण, छात्र हित, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय चेतना के संवर्धन हेतु निरंतर सक्रिय रही है। उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य केवल छात्रहित तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन को प्रोत्साहित करना भी है।
उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा, पत्रकारिता, कृषि, पर्यावरण, संस्कृति, खेल तथा महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में कार्य कर रहे ऐसे लोग, जो निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा कर रहे हैं, उन्हें इस समारोह में ‘कर्मयोगी’ सम्मान से नवाजा जाएगा।
मंजुल शुक्ल ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से उन विभूतियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी, जिन्होंने अपने सेवा, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों से समाज को नई दिशा दी है। उन्होंने जिले के सभी गणमान्य नागरिकों, बुद्धिजीवियों, शिक्षकों, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं युवाओं से इस गरिमामयी कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments