Ticker

6/recent/ticker-posts

भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत

भवनाथपुर (गढ़वा)। जिले के भवनाथपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार शाम करीब सात बजे शिवपूजन फ्यूल्स पेट्रोल पंप के सामने हुआ। बताया जा रहा है कि विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान सिंधिताली निवासी आर्यन चौबे (पिता- कल्पनाथ चौबे), धनगरडीहा, मकरी निवासी प्रभात सिंह उर्फ पप्पू सिंह (पिता- छतरी सिंह) तथा रोहित सिंह (पिता- इंद्र देव सिंह) के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि आर्यन चौबे एचपी पेट्रोल पंप के समीप स्थित एक प्रतिष्ठान में कार्यरत था और गुरुवार को ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहा था। वहीं प्रभात सिंह और रोहित सिंह एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर भवनाथपुर से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शिवपूजन फ्यूल्स पेट्रोल पंप के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रजनी रंजन एवं एएसआई आशुतोष सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। हालांकि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। इधर, एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांवों में शोक की लहर फैल गई और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर सांत्वना देने में जुटे रहे।

Post a Comment

0 Comments