गढ़वा।पेफी झारखंड एवं जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित प्रथम गढ़वा जिला अंतर स्कूल फुटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन स्थानीय फुटबॉल स्टेडियम में जारी है। शुक्रवार को खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया।
पहले मैच में द इंडियन पब्लिक स्कूल, रंका ने डीएवी मॉडल स्कूल को 3-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। टीम की ओर से अंकित विश्वकर्मा ने दो गोल और शमी राजा ने एक गोल किया। दूसरे मुकाबले में आरके पब्लिक स्कूल, गढ़वा ने ज्ञान भारती, बेलचंपा को 2-0 से पराजित किया। आरके पब्लिक स्कूल की ओर से रेहान ने एक गोल किया, जबकि एक गोल विपक्षी टीम के खिलाड़ी द्वारा आत्मघाती रहा। वहीं तीसरा मैच बीएसकेडी और इंद्रदेव पब्लिक स्कूल, रंका के बीच खेला गया, जो रोमांचक मुकाबले के बाद ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
प्रतियोगिता के पूर्व अध्यक्ष अलखनाथ पांडे, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद चौबे, सचिव मदन केशरी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश केशरी, उपाध्यक्ष धनंजय सिंह एवं सुशील केशरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने फुटबॉल खेल को जिले में पुनः स्थापित करने पर जोर दिया।
अध्यक्ष अलखनाथ पांडे ने कहा कि फुटबॉल विश्व का सबसे लोकप्रिय खेल है और इसे गढ़वा में फिर से स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। सांसद प्रतिनिधि प्रमोद चौबे ने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को स्टेडियम का लाभ मिल रहा है और खेल के विकास को नई दिशा मिलेगी।
0 Comments