Ticker

6/recent/ticker-posts

गंदगी पर भड़के नगर परिषद अध्यक्ष, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के सख्त निर्देश

गढ़वा। नगर परिषद क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से सोमवार को नगर परिषद अध्यक्ष आशीष सोनी उर्फ दौलत सोनी ने विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कचरे का अंबार और फैली गंदगी देखकर अध्यक्ष ने गहरा असंतोष जताया तथा संबंधित सफाई कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष प्रतिनिधि घनश्याम प्रसाद, वार्ड संख्या 9 के पार्षद बंधु राम, वार्ड संख्या 7 के पार्षद बिनोद प्रसाद, वार्ड संख्या 8 के पार्षद प्रतिनिधि राजेश विश्वकर्मा एवं वार्ड संख्या 20 की पार्षद सविता देवी उपस्थित रहीं।
अध्यक्ष दौलत सोनी ने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सफाई कर्मियों के मेठ को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि जनता को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना नगर परिषद की पहली प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की बहानेबाजी स्वीकार नहीं होगी।
उन्होंने सभी वार्डों में नियमित एवं समय पर सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रतिदिन सुबह झाड़ू लगाने और कचरा उठाव अनिवार्य रूप से किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों एवं निगरानी में चूक करने वाले मेठ पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बरसात के मौसम को देखते हुए अध्यक्ष ने नालियों की समुचित सफाई कराने का निर्देश दिया, ताकि जलजमाव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने नालियों से गाद एवं कचरे की शीघ्र निकासी सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान वार्ड पार्षदों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से अध्यक्ष को अवगत कराया। उपाध्यक्ष प्रतिनिधि घनश्याम प्रसाद ने कहा कि नगर परिषद की टीम शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।
अंत में अध्यक्ष ने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे कचरा डस्टबिन में ही डालें और शहर को स्वच्छ रखने में नगर परिषद का सहयोग करें।

Post a Comment

0 Comments