Ticker

6/recent/ticker-posts

मातृशक्ति के सशक्तिकरण से बढ़ेगा राष्ट्र का वैभव : नीरज श्रीधर ‘स्वर्गीय’

गढ़वा। जिले के रमना प्रखंड मुख्यालय स्थित श्रीमानस मंदिर प्रांगण में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रीगुरु दक्षिणा कार्यक्रम श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संस्कार भारती, झारखंड प्रांत के प्रांतीय कला धरोहर संयोजक नीरज श्रीधर ‘स्वर्गीय’ बौद्धिककर्ता के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में उन्होंने गुरु परंपरा के महत्व, मातृशक्ति के सशक्तिकरण तथा राष्ट्र निर्माण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु के बिना संपूर्ण सृष्टि में किसी का भी कल्याण संभव नहीं है और प्रत्येक व्यक्ति की प्रथम गुरु उसकी माँ होती है। इसलिए किसी भी राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए मातृशक्ति का शिक्षित, संस्कारित एवं सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल गुरु वंदन का पर्व नहीं, बल्कि उन सभी व्यक्तित्वों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिनसे हमें जीवन में कुछ सीखने को मिला है। उन्होंने परम पवित्र भगवा ध्वज को इस सृष्टि का सर्वोच्च गुरु बताते हुए कहा कि इसकी प्रेरणा और संरक्षण में हम राष्ट्र, समाज और संस्कृति के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध प्राप्त करते हैं।
नीरज श्रीधर ‘स्वर्गीय’ ने गुरु पूर्णिमा, जिसे व्यास पूर्णिमा भी कहा जाता है, के अवसर पर भारत माता को परम वैभवशाली बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए दैनंदिनी शाखा की गतिशीलता अत्यंत आवश्यक है, जिसके माध्यम से नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रीय चेतना का विकास होता है।
कार्यक्रम में रमना खंड कार्यवाह सहित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं उसकी विभिन्न अनुषांगिक इकाइयों के दायित्वधारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भारत माता की प्रार्थना एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Post a Comment

0 Comments