गढ़वा : बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय फरठीया द्वारा संचालित वनांचल डेंटल कॉलेज एवं अस्पताल तथा देवकी महावीर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को बरडीहा प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में वनांचल डेंटल कॉलेज के चिकित्सकों द्वारा दांत से संबंधित सभी प्रकार की बीमारियों की जांच कर मरीजों का उपचार किया गया तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही चिकित्सकों ने लोगों को दांतों की देखभाल एवं उससे जुड़ी बीमारियों के प्रति जागरूक भी किया।
वहीं, होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों द्वारा विभिन्न सामान्य बीमारियों का उपचार करते हुए मरीजों को दवा उपलब्ध कराई गई। चिकित्सकों ने मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के उपाय भी विस्तार से बताए।
इस चिकित्सा शिविर में कुल लगभग 160 मरीजों की जांच कर उन्हें दवाइयां दी गईं। शिविर में अस्पताल अधीक्षक डॉ. ए.के. सिन्हा, डॉ. नंदकिशोर प्रसाद, डॉ. विशाल, डॉ. आदिल अख्तर, डॉ. अमीन परवेज, डॉ. दीपक, डॉ. प्रियंका, डॉ. इरशाद, डॉ. दीप नारायण, डॉ. संतोष, आकांक्षा राय, निकिता रानी एवं रवि राज सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
0 Comments